चंडीगढ़। सेक्टर-33 स्थित भवन विद्यालय ने सोमवार को वेबसाइट www.bhavanchd.com पर एंट्री क्लास प्री नर्सरी दाखिले का शेड्यूल जारी किया। स्कूल में प्री नर्सरी का दाखिला 100 सीटों पर करवाया जा रहा है। दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को दोपहर 12 से शुरू होगी और 18 दिसंबर तक चलेगी। इस बार ड्रॉ प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम में करवाई जाएगी।
भवन विद्यालय में दाखिले के लिए बच्चे का जन्म एक अप्रैल 2018 से 31 मार्च 2019 के बीच हुआ होना जरूरी है। प्री-नर्सरी में 100 सीटों में 10 प्रतिशत मैनेजमेंट सीट, 20 प्रतिशत भाई-बहन, 5 प्रतिशत बॉस एलुमनी और 25 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस के लिए कोटा प्रस्तावित है। योग्य उम्मीदवारों की सूची 14 जनवरी को 2022 को वेबसाइट पर अपडेट की जाएगी। जनरल और भाई-बहन की कैटेगरी के लिए ऑनलाइन ड्रॉ प्रक्रिया 22 जनवरी 2022 को सुबह 10.30 बजे आयोजित की जाएगी। जनरल और भाई-बहन की कैटेगरी के लिए आवेदन फॉर्म ऑनलाइन ही जमा करवाने होंगे। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए शुरुआत के 20 योग्य बच्चों के अभिभावकों की उपस्थिति में ऑनलाइन ड्रॉ प्रक्रिया आयोजित करवाई जाएगी। ड्रॉ प्रक्रिया जूम मीटिंग पर होगी, इसके लिए लिंक वेबसाइट पर 21 जनवरी को ही अपडेट कर दिया जाएगा। ईडब्ल्यूएस के लिए अभिभावकों को दाखिले आवेदन के तय दिनों में ही सुबह 10 से 11 बजे के बीच स्कूल गेट से फॉर्म लेना पड़ेगा। इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस के लिए अभिभावकों को ऑफलाइन ही तय समय सीमा में सभी दस्तावेजों को स्लंगन कर फॉर्म जमा करवाना होगा।