स्पेशल ट्रेन बेगमपुरा श्रद्धालुओं को लेकर काशी रवाना, जालंधर स्टेशन पर उत्सव जैसा नजारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व मनाने के लिए संगत का जत्था लेकर श्री गुरु रविदास धाम काशी (वाराणसी) के लिए बेगमपुरा स्पेशल ट्रेन गुरुवार को जालंधर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। श्रद्धा और आस्था में डुबकी लगाती संगत को लेकर ट्रेन दोपहर 2.20 पर रवाना हो गई।
यह स्पेशल ट्रेन डेरा सचखंड बल्ला के 108 संत निरंजन दास महाराज की अध्यक्षता में चलाई जाती है। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर मेले जैसा नजारा दिखा। संगत पर फूलों की वर्षा भी की गई।
डेरा सचखंड बल्लां की तरफ से ट्रेन 4.60 लाख रुपये में आईआरसीटीसी से बुक करवाई गई। डेरा सचखंड बल्ला के प्रमुख संत निरंजन दास संगत को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे और संगत को निहाल किया। स्टेशन पर मौजूद संगत और संतों की तरफ से बड़े-बड़े स्पीकरों के जरिये भजन गायन किया गया।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन पर जीआरपी के साथ अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की गई थी। कई संस्थाओं और लोगों की तरफ से लंगर लगाए गए। संगत की तरफ से ट्रेन को रंग-बिरंगी लड़ियों और गुब्बारों के साथ सजाया गया। स्पेशल ट्रेन 10 फरवरी को लौटेगी।