सड़कों पर सरकारी बस दौड़ाना चाहतें हैं, बंपर भर्ती को तैयार रहें
सड़कों पर सरकारी बसें दौड़ाना चाहते हैं तो तैयार हो जाइए। रोडवेज में ड्राइवर्स की बंपर भर्ती होने जा रही है। हरियाणा राज्य परिवहन सेवाओं को हाईटेक बनाने और स्टाफ की भर्ती करने के लिए मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है। रोडवेज बसों के बेडे़ में 600 नई बसें शामिल करने और अस्थायी ड्राइवरों तथा नान टेक्निकल स्टाफ के पद भरने की तैयारी राज्य परिवहन कर रहा है।
इसी के साथ चमचमाती दर्जनों एयर कंडीशन बसें रोडवेज के बेडे़ में शामिल की जाएंगी। अमर उजाला से बातचीत में यह जानकारी परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार ने दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज में फिलहाल 4200 बसें हैं, इनमें से करीब 3800 बसें काम करने की स्थिति में हैं, जबकि 400 बसों पर ड्राइवर नहीं है।
फिलहाल ड्राइवरों की भरपाई के लिए हरियाणा राज्य परिवहन साढ़े 12000 रुपये मासिक वेतन पर अस्थायी ड्राइवर रखने जा रही है, जबकि करीब साढ़े 600 पदों पर नान टेक्निकल स्टाफ की भर्ती भी की जाएगी।
करीब 49 वोल्वो बसों खरीदने की है योजना
हरियाणा राज्य परिवहन करीब 49 बसों को खरीदने की योजना बना रही है। इन वोल्वो बसों को उन रूट पर लगाया जाएगा, जहां अधिक से अधिक यात्री इन बसों का लाभ उठा सकें। पिछली सरकार में खरीदी गई वोल्वो बसों की कनेक्टिविटी अभी भी कई महत्वपूर्ण रूटों पर या तो नहीं है और जहां है, वहां सिर्फ एक बस का ही आवागमन है।
महिलाओं की सीटें स्टाफ को करानी होगी खाली
रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए 16 आरक्षित सीटें हैं। सफर के दौरान महिलाओं के आने पर पुरुष यात्रियों से ये सीट खाली कराने की जिम्मेदारी रोडवेज स्टाफ की होगी। मंत्री कृष्ण पंवार के मुताबिक इस संदर्भ में राज्य सभी रोडवेज डिपो के जीएम को निर्देश दिए जाएंगे।
आउट सोर्सिंग कर्मचारी चमकाएंगे बस अड्डों को
रोडवेज के बस अड्डों पर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आउट सोर्सिंग से सफाई कर्मी रखे जाएंगे।
दो साल का रुका बोनस एक सप्ताह के भीतर मिलेगा
राज्य परिवहन अपने कर्मचारियों का दो वर्ष का बोनस जल्द देने जा रही है। इसके भुगतान के लिए कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। एक सप्ताह तक ये दो वर्ष का बोनस कर्मचारियों को मिलने वाला है। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव सतपाल रोहिला ने भी इसकी पुष्टि की है।