हरियाणाः पंचकूला में आई जागरूकता, अन्य जिलों में बढ़े एड्स के केस
हरियाणा के पंचकूला जिले में जागरूकता आने के बाद एड्स के केस में भारी गिरावट आई है। वहीं, सोनीपत, रोहतक, पानीपत, जींद और कैथल सहित सभी जिलों में तेजी से एड्स के पॉजिटिव केस में बढ़ोतरी हुई है। यह हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में सामने आया है।
एड्स के सबसे ज्यादा केस जींद से आए हैं। जींद में 3657 केस आए हैं। इसके अलावा हिसार से 3134, सोनीपत से 3004, रोहतक में 2992 केस सामने आए हैं। अभी तक हरियाणा के सभी जिलों से 27,674 केस सामने आ चुके हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपनी पीठ थपथपा रहे हैं कि वे लगातार बीमारी पर अंकुश लगाने में सफल साबित हो रहे हैं।
2019 में अभी तक सबसे कम पंचकूला में एड्स के केवल दो केस सामने आए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लोगों में जागरूकता के कारण पंचकूला में यह रिकार्ड कायम हुआ है। वहीं, हरियाणा के अन्य जिलों में लगातार इसके मरीज बढ़े हुए हैं। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसायटी की डायरेक्टर डॉ. वीना सिंह ने बताया कि जागरूकता बढ़ी है। लोग लगातार जांच करवा रहे हैं। इसलिए इस तरह के केस सामने आ रहे हैं।
जागरूकता के बाद भी बढ़ रहे मरीज
ऐसा नहीं है कि प्रदेश के जिलों में एड्स के प्रति स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूक नहीं किया जा रहा है। लेकिन इसके बाद भी एड्स मरीजों की संख्या बढ़ना चिंता का विषय है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस शहर में सबसे ज्यादा बाहरी वाहन चालकों की आवाजाही होती है वहां मरीजों की संख्या भी अधिक होती है। यही कारण है कि जागरूकता के बाद भी बीमारी पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लग रहा है।
गुड़गांव में ट्रक चालकों की संख्या अधिक
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में सबसे अधिक ट्रक चालकों की आवाजाही एनसीआर के गुड़गांव, भिवानी और फरीदाबाद में होती है। यही कारण है कि यहां एड्स पीड़ितों की संख्या सबसे ज्यादा है। जबकि पंचकूला में ट्रक चालकों की आवाजाही बहुत कम है। इसलिए यहां पर अंकुश लगा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विभागीय अधिकारी रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थल पर एड्स से संबंधित जानकारी के पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं।
हिमाचल में सबसे अधिक सेंटर
एड्स से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग आर्ट थेरेपी का सहारा लेता है। इसके सबसे अधिक छह सेंटर हिमाचल प्रदेश में है, जबकि प्रदेश में एक सेंटर रोहतक में है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में जितने भी मेडिकल सेंटर हैं सभी जगह आर्ट थेरेपी के सिस्टम लगे है।
यह है जिलों में एड्स के आंकड़े
1. पंचकूला 02
2. अंबाला 212
3. भिवानी 2519
4. चरखी दादरी 80
5. फरीदाबाद 78
6. फतेहाबाद 950
7. गुड़गांव 386
8. हिसार 3134
9. झज्जर 2116
10. जींद 3657
11. कैथल 1748
12. करनाल 1591
13. कुरुक्षेत्र 89
14. नारनौल 580
15. मेवात 311
16. पलवल 171
17. पानीपत 2104
18. रेवाड़ी 704
19. रोहतक 2992
20. सिरसा 1223
21. सोनीपत 3004
22 . यमुनानगर 23