पाक की धमकियों पर भारतीय सेना गंभीर, आर्मी चीफ ने पठानकोट में जानी सेना की तैयारियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाक की धमकियों और बार-बार युद्ध जैसे हालात पैदा करने वाले बयान को लेकर भारतीय सेना गंभीर है। इसके चलते सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को पंजाब स्थित अति संवेदनशील सैन्य क्षेत्र पठानकोट में सेना की तैयारियों का जायजा लिया। पठानकोट का यह सैन्य क्षेत्र पाक बॉर्डर से महज तीस किलोमीटर की दूरी पर है।
सूत्रों के अनुसार आर्मी चीफ ने यहां राइजिंग स्टार कोर के आर्मी कमांडर समेत अन्य आला अफसरों संग बैठक कर बॉर्डर के हालात के बारे में जानकारी ली और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। सेना प्रमुख ने हर तरह की परिस्थितियों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
कैप्टन सलारिया के परिजनों से मिले आर्मी चीफ
पठानकोट दौरे के दौरान आर्मी चीफ देश के पहले परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन जीएस सलारिया के घर पहुंचे और उनके परिजनों से बातचीत की। कैप्टन सलारिया ‘थर्ड बटालियन, द फर्स्ट गोरखा राइफल’ का हिस्सा थे और उन्होंने 1961 में कांगो में यूएन के पीस कीपिंग मिशन के दौरान असाधारण बहादुरी का परिचय दिया था।
इसके चलते उन्हें परमवीर चक्र से नवाजा गया था। उल्लेखनीय है कि सेना 2019 को ‘ईयर ऑफ द नेक्सट ऑफ किन’ के रूप में मना रही है। इसके तहत सेना शहीदों के परिजनों तक पहुंचकर उनके कल्याण को सुनिश्चित कर रही है।
पाक सेना प्रमुख ने फिर अलापा युद्ध का राग :
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान, उनके मंत्री से लेकर पाक सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा लगातार बयान जारी कर माहौल खराब करने में जुटे हैं। उधर, शुक्रवार को भी पाक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने फिर से युद्ध का राग अलापा है।
रावलपिंडी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ‘कश्मीर अत्याचार का विषय है, हम अंतिम दम तक लड़ेंगे’। इसके अलावा पाक के पीएम इमरान खान व उनके मंत्री भी एलओसी का दौरा भी कर चुके हैं। पाकिस्तान की इन्हीं हरकतों को देखते हुए भारतीय सेना और वायुसेना पूरी तरह से तैयार है।
तीन दिन पहले पठानकोट में तैनात हुए हैं अपाचे
भारतीय सेना ही नहीं वायुसेना भी पाक की धमकियों के मद्देनजर पूरी तरह सतर्क है। तीन दिन पहले एक रणनीति के तहत वायुसेना ने भी पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन में दुनिया के सबसे खतरनाक लड़ाकू हेलीकाप्टर अपाचे की स्क्वाड्रन तैनात की है।
वेस्टर्न आर्मी कमांडर ने भी दो दिन पंजाब में बिताए
वेस्टर्न कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह ने भी दो दिन पंजाब के बॉर्डर एरिया स्थित सैन्य क्षेत्रों में गुजारे। जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह ने इस दौरान अमृतसर कैंट और खासा मिलिट्री स्टेशन का दौरा किया। खासा बिग्रेड की पेंथर डिवीजन के जीओसी ने आर्मी कमांडर को अपनी तैयारियों की जानकारी दी। यहां उन्होंने सेना के ट्रेनिंग स्टैंडर्ड की भी प्रशंसा की।