...और सदन से मिटा दिया गया हुड्डा का नामोनिशां
हरियाणा विधानसभा से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सहित चार नेताओं की नेम प्लेट हटवा दी गई। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने वीरवार को भाजपा और इनेलो विधायकों के हाथ उठवाकर यह मौखिक प्रस्ताव पास करवाया।
विधानसभा अध्यक्ष कृष्णपाल गुर्ज्जर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेम प्लेट अतिशीघ्र हटवा दिया जाएगा। पूर्व सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र लगवाए गए थे।
इन चित्रों के नीचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, तत्कालीन स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और संसदीय कार्य मंत्री की प्लेटें लगी थीं। सदन में विज ने प्रश्नकाल के बाद यह मुद्दा उठाया। इसके बाद विज ने भाजपा और इनेलो विधायकों का हाथ उठवाकर समर्थन भी करवा दिया।
अनिल विज ने प्रश्नकाल के बाद उठाया मुद्दा
विज ने कहा कि सदन में महात्मा गांधी और डॉ. अंबेडकर का चित्र अच्छा लग रहा है। इसके नीचे जिन नेताओं के नाम की प्लेट लगी हैं, उन्हें प्रदेश की जनता ने रिजेक्ट कर दिया है। लिहाजा, उनके नाम की प्लेट सदन में नहीं होनी चाहिए।
भाजपा विधायकों ने जब नेम प्लेट हटाने का मुद्दा उठाया तो स्पीकर ने कहा कि अगर सदन चाहेगा तो इस बारे में फैसला लिया जाएगा। इस दौरान स्पीकर ने अपने साथ ही खड़े अपने सचिव से इस बारे में बात की।
इसके बाद स्पीकर ने मौखिक प्रस्ताव सदन में रखा। उनके प्रस्ताव रखते ही भाजपा व इनेलो के विधायकों ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया।