गुड न्यूज, अब अमृतसर से लें दुबई के लिए सीधी फ्लाइट
गुड न्यूज, अब दुबई जाने के लिए किसी और हवाई अड्डे जाने की जरूरत नहीं। यहां से सीधी फ्लाइट लें। दरअसल पंजाब के अमृसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार सुबह अमृतसर-दुबई की सीधी उड़ान शुरू हो गई है।
स्पाइस जेट की यह उड़ान शनिवार को छोड़कर बाकी दिनों में होगी। हवाई अड्डे के रनवे पर रविवार को दुबई जाने के लिए पहली उड़ान रवाना की गई।
स्पाइस जेट के अध्यक्ष जीपी गुप्ता व एयरपोर्ट के डायरेक्टर वी वेंकटेश्वर राव ने कहा कि इस उड़ान के लिए स्पाइस बोइंग-737 एनजी एयरक्राफ्ट का प्रयोग किया गया है।
साढ़े 11 बजे अमृतसर से उड़ान, दो बजे दुबई पहुंचेगी फ्लाइट
पहले दिन अमृतसर पहुंचने पर उड़ान का पानी की बौछारों से स्वागत किया गया। उड़ान में बैठे सबसे कम आयु वाले मुसाफिर को गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया।
राव ने कहा कि इस फ्लाइट से विदेश जाने वाले माझा व दोआबा के मुसाफिरों को काफी सुविधा होगी। स्पाइस जेट ऐसी पहली कंपनी बन गई है जो मुसाफिरों को अमृतसर से सीधे दुबई लेकर जाएगी।
इससे समय और पैसे की बचत होगी। यह फ्लाइट सुबह साढ़े नौ बजे अमृतसर पहुंचेगी। दो घंटे विश्राम के बाद भारतीय समय के अनुसार साढ़े 11 बजे अमृतसर से उड़ान भरकर दो बजे दुबई पहुंच जाया करेगी।