अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह, सीएम मनोहर लाल खट्टर ने दिया छात्रों को प्यारा-सा संदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश भर के टॉपर्स विद्यार्थियों के लिए अमर उजाला का मेधावी छात्र सम्मान समारोह जीवनभर के लिए एक यादगार बन गया। खचाखच भरे गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के चौ. रणबीर सिंह सभागार में जब अतिथियों ने प्रदेश के टॉपर्स बच्चों को सम्मानित किया तो मेधावी छात्रों ने भी जीवन में आगे और कामयाब होने का संकल्प दोहराया।
शनिवार अल सुबह शुरू हुई बारिश लगातार सारा दिन चलती रही, लेकिन इससे ना तो मेधावी छात्रों के जोश में कोई कमी आई और ना ही उनके साथ आए अभिभावकों और अध्यापकों के चेहरे पर। अपने बच्चों को प्रदेश के इतने बड़े मंच पर सम्मानित होता देखकर चौ. रणबीर सिंह सभागार में मौजूद प्रत्येक अभिभावक के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे हिसार के विधायक कमल गुप्ता, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के उप कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार, हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा एवं हिसार लोकसभा निगरानी कमेटी के संयोजक मनदीप मलिक ने भी अमर उजाला के इस प्रयास की खूब सराहना की और मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अमर उजाला की ओर से प्रदेश भर के जिलों के 310 टॉपर्स बच्चों को सम्मानित किया गया।
बारिश के बीच भी डटे रहे टॉपर्स और उनके अभिभावक
शनिवार सुबह से ही हिसार में भारी बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन बरसात भी मेधावी छात्र सम्मान समारोह में पहुंचने वाले टॉपर्स बच्चों एवं उनके अभिभावकों का हौसला नहीं डिगा पाई। भारी बारिश के बावजूद विद्यार्थी और उनके अभिभावक कार्यक्रम में डटे रहे। फतेहाबाद से आए गौरीशंकर बतरा का कहना था कि हमारी बच्ची लक्ष्या बतरा ने दसवीं की परीक्षा में टॉप करके हमारे परिवार का नाम रोशन किया था और अब अमर उजाला ने उसे प्रदेश भर के टॉपर्स बच्चों में शुमार कर हमारे परिवार को जो सम्मान प्रदान किया है, वो हमारे दिल पर छप गया है, जो जिंदगी भर के लिए अमर उजाला के साथ हमारा एक रिश्ता बना गया है।
आदमपुर की टॉपर्स जुड़वां बहनों की कहानी ने भरा जोश
चौ. रणबीर सिंह सभागार में उस समय एक बारगी जोश से माहौल लबरेज हो गया जब हिसार जिले के मंडी आदमपुर की रहने वाली दो जुड़वा बहनें सम्मानित होने के लिए पहुंचीं। मंडी आदमपुर की रहने वाली पुष्पा एवं पूनम ने इस साल बारहवीं आर्ट्स में क्रमश: प्रथम एवं तृतीय स्थान हासिल किया था। अमर उजाला के मेधावी सम्मान समारोह के दौरान पूनम ने अपने ओजस्वी भाषण में अमर उजाला को शुक्रिया कहते हुए महिला शक्ति को और मजबूत करने की बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह सैनिक बॉर्डर पर देश सेवा करते हैं, हम दोनों बहनें आईएएस बनकर जिले में ही रहकर समाज से कुरीतियां साफ कर देश की सेवा करेंगी।
अमर उजाला सम्मान के साथ सेल्फी लेने को लेकर क्रेजी दिखे टॉपर्स
शनिवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में अमर उजाला द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रदेश भर के टॉपर्स बच्चों का एक अनोखा रूप भी सबको देखने को मिला। अतिथियों से प्रमाणपत्र एवं मेडल मिलने के बाद बच्चे मंच पर ही सेल्फी लेने को लेकर क्रेजी दिखे। अमर उजाला के प्रति सम्मान दर्शाने के लिए कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी मंच पर अमर उजाला के लोगो एवं बैनर के साथ सेल्फी लेने के लिए टॉपर्स बच्चों में होड़ मची रही। बच्चों का कहना था कि अमर उजाला ने उन्हें ये बेहतरीन मौका दिया है।
मेधावी बुलंदियों की ओर बढ़ें, सफलता उनके कदम चूमती रहे : सीएम
सबसे पहले मैं उन मेधावियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने परीक्षा में अच्छे अंक लाकर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया। साथ ही मैं इन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। हिसार में आयोजित अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में नहीं पहुंच पाने का मुझे खेद है। खराब मौसम ने बाधा उत्पन्न कर दी। मौसम की परिस्थितियां ऐसी विपरीत बनी रहीं कि मौसम विभाग ने हेलीकॉप्टर को उड़ने के लिए अनुमति नहीं दी, इस कारण हिसार दौरा रद्द करना पड़ा और प्रदेश की प्रतिभाओं से मिलने से वंचित रह गया।
मैं मेधावी बच्चों को ढेरों हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, जिन्होंने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में कड़ी मेहनत कर सराहनीय सफलता हासिल की। इन मेधावी छात्रों को अमर उजाला की ओर से दिए जाने वाले सम्मान के साथ मेरा आशीर्वाद भी सदैव शामिल रहेगा। मैं कामना करता हूं कि मेधावी बच्चे हमेशा इसी तरह अपने मां-बाप का नाम रोशन करें, जिन्होंने उन्हें कामयाब बनाने में अपना अहम योगदान दिया।
मैं कामना करता हूं कि मेधावी छात्र बुलंदियों की ओर बढ़ते रहें और सफलता उनके इसी तरह कदम चूमती रहे। मैं यह भी आशा करता हूं कि अपनी मेहनत के बूते यह छात्र एक दिन प्रदेश और देश का नाम दुनिया में रोशन करें। मेरा आशीर्वाद सदैव इनके साथ बना रहेगा। - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा