जींद उपचुनावः प्रत्याशियों के नाम पर खत्म होगा सस्पेंस, आज हो सकता है नामों का एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जींद उपचुनाव के लिए हरियाणा के सभी प्रमुख दल बुधवार को अपने-अपने पत्ते खोलेंगे। गुरुवार को नामांकन का आखिरी दिन है, इसलिए बुधवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर दलबल के साथ गुरुवार को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। भाजपा, कांग्रेस, इनेलो और जजपा ने प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल कर लिए हैं, अब निगाहें एक-दूसरे की घोषणा पर टिकी हैं।
भाजपा में टिकट के अनेक दावेदार हैं। पर्यवेक्षकों ने तेरह दावेदारों का तो इंटरव्यू लेकर चुनाव समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। बावजूद इसके भाजपा पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता पर भी दांव खेल सकती है। चुनावी साल में सत्तारूढ़ भाजपा जींद उपचुनाव में हर हाल में जीत चाहती है, इसलिए कोई चूक करने के मूड में नहीं है। गुप्ता को भाजपा टिकट की दौड़ में अन्य दावेदारों के साथ आगे माना जा रहा है।
पूर्व विधायक हरिचंद मिड्ढा के बेटे कृष्ण मिड्ढा पर भी विश्वास जता सकती है। इसके अलावा सांसद रमेश कौशिक, सुरेंद्र बरवाला और आरएसएस से जुड़े लोगों के नाम भी चर्चा में है। टिकट किसे मिलेगा, यह बुधवार को साफ हो जाएगा। कांग्रेस में भी टिकट को लेकर पेच फंसा हुआ है। हुड्डा और तंवर अपने समर्थकों के नाम हाईकमान को सुझा चुके हैं, अब पार्टी पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल पर निगाहें टिकी हुई हैं।
बुधवार को हाईकमान की हरी झंडी मिलते ही वह टिकट की घोषणा करेंगे। हुड्डा व तंवर पहले ही बता चुके हैं कि 9 जनवरी को टिकट की घोषणा होगी। इनेलो पूरी तरह से कांग्रेस और भाजपा के टिकट आवंटन पर टकटकी लगाए हुए है। दोनों दलों के प्रत्याशी सामने आने पर इनेलो अपना उम्मीदवार घोषित करेगी, जजपा की भी यही स्थिति है।
भाजपा का प्रत्याशी घोषित होने के बाद नाराज दावेदारों पर भी बाकी दल नजरें गड़ाए हुए हैं। उनके इच्छा जताने पर कांग्रेस, इनेलो और जजपा भाजपा के बागियों को टिकट दे सकते हैं। सरकार और भाजपा नेतृत्व जींद उपचुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त है।
लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के विनोद सहित तीन उम्मीदवारों ने भरे नामाकंन
मंगलवार को नामांकन पत्र भरने के लिए उम्मीदवार निर्वाचन अधिकारी कर्यालय पहुंचे। मंगलवार को उपचुनाव के लिए लोकतंत्र पार्टी के उम्मीदवार विनोद आशरी सहित कुल तीन लोगों ने नामांकन पत्र भरे। विनोद आशरी का नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए पार्टी नेता और कुरुक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी खुद ऑटो चलाकर निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तक पहुंचे।
इसके अलावा बीबीपुर गांव निवासी सुरेंद्र और सोनीपत जिला के हरसाना गांव निवासी संत धर्मबीर चोटीवाला ने आजाद उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने तीन जनवरी से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था।