थ्री-बीआरडी की डायमंड जुबलीः वायुसेना के जवानों के हवाई प्रदर्शन ने किया हैरान, बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन
समारोह में मुख्य अतिथि ने स्पेशल डे कवर और डिपो की गौरवशाली यात्रा को समाहित करने वाली एक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। एयर डेविल्स स्काई डाइविंग टीम और पैरा मोटर डिस्प्ले के हवाई प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विस्तार
चंडीगढ़ में थ्री-बेस रिपेयर डिपो (बीआरडी) ने शुक्रवार को अपनी 60वीं वर्षगांठ मनाई। कार्यक्रम में वायुसेना के रखरखाव कमान प्रमुख एयर मार्शल विभास पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दिनभर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्कूली बच्चों के साथ सेना के जवानों ने भी कई प्रस्तुतियां दीं। डायमंड जुबली को खास बनाने के लिए सेना के अधिकारियों व कर्मचारियों के परिवार सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया था।
समारोह में मुख्य अतिथि ने स्पेशल डे कवर और डिपो की गौरवशाली यात्रा को समाहित करने वाली एक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। एयर डेविल्स स्काई डाइविंग टीम और पैरा मोटर डिस्प्ले के हवाई प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने भी अतिथियों का मन मोह लिया। भारतीय वायुसेना की एयर वॉरियर ड्रिल टीम की ओर से किए गए समकालिक ड्रिल ने सैन्य अनुशासन, विश्वास और टीम ने साझा किए गए बंधन का सार प्रदर्शित किया।
''रक्षा और नागरिक एमआरओ के लिए विमानन रखरखाव के प्रति कौशल विकास'' विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। जीएमआर और टाटा डिफेंस जैसे प्रतिष्ठित भारतीय विमानन उद्योग भागीदारों ने भी सेमिनार में भाग लिया। सेमिनार में देश में एविएशन एमआरओ के क्षेत्र में सबसे अहम मुद्दे कौशल विकास पर मंथन हुआ।
कुछ निश्चित समाधान सामने आए, जो देश में विमानन उद्योग को मजबूत करने में काफी मददगार साबित होंगे। वक्ताओं ने आधुनिक हवाई युद्ध की चुनौतियों का सामना करने के लिए वायु संपत्तियों संसाधनों को तैयार रखने में अत्याधुनिक तकनीक को अपनाने की आवश्यकता को भी उजागर किया।

डिपो की सफलता के पीछे के दिग्गजों को किया गया याद
मुख्य अतिथि ने उन दिग्गजों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने डिपो की सफलता की कहानी की नींव रखी थी। उन्होंने स्वदेशीकरण में तेजी लाने की दिशा में केंद्रित प्रयासों के लिए एओसी और टीम फीनिक्स की सराहना की, जिसने डिपो को एमआई-सीरीज बेड़े के रखरखाव के संबंध में आत्मनिर्भरता की राह पर ला दिया है।
एयर कमोडोर राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में डिपो को मुख्यालय रखरखाव कमान की ओर से वर्ष 2022-23 के लिए सर्वश्रेष्ठ एयरक्राफ्ट और इंजन बीआरडी घोषित किया गया है। इसके अलावा 8 अक्तूबर 2023 को डिपो को पिछले छह दशकों से भारतीय वायुसेना के परिचालन एमआई-सीरीज और एएन-32 बेड़े को सक्रिय सहायता प्रदान करने के लिए चीफ ऑफ एयर स्टाफ यूनिट प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
