एग्री लीडरशिप समिटः केंद्रीय मंत्री करेंगे किसानों के महाकुंभ का शुभारंभ, लगेगा तकनीकों का मेला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में एग्री लीडरशिप समिट शुक्रवार से शुरू होगी जो तीन दिन तक चलेगी। इस समिट का केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह व केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह शुभारंभ करेंगे। वहीं दूसरे दिन केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला वहां पहुंचेंगे और समिट का समापन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व सीएम मनोहर लाल करेंगे। इस समिट में किसानों को नई-नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे उन तकनीक को खेती में इस्तेमाल करके ज्यादा मुनाफा लिया जा सके।
एग्री लीडरशिप समिट में चार प्रदर्शनी हॉल बनाए जा रहे हैं, जिनमें प्रगतिशील किसानों व पशुपालकों की उपलब्धियों सहित खाद, बीज आदि की प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। वहीं समिट में तीनों दिन किसानों की सभा के लिए एक बड़ा हाल भी बनाया है। समिट में रोजाना 600 बसों व निजी वाहनों में 60 हजार तक किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार 30 एकड़ में आयोजित समिट के लिए 15 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, जबकि बाकी 15 एकड़ में पंडाल व अन्य हॉल तैयार किए जा रहे हैं। एग्री लीडरशिप समिट के लिए मंडी में सेमिनार हॉल, प्रदर्शनी हॉल, पशु प्रदर्शनी हॉल, उद्घाटन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए हॉल, वीआईपी मीटिंग हॉल, लंच एरिया, मीडिया सेंटर, पार्किंग व शौचालयों का निर्माण किया गया है। वहां वाहन जीटी रोड चौक से बेगा रोड होते हुए शाहपुर तगा रोड से मंडी में प्रवेश करेंगे।
वहां आने वाले किसानों के लिए निशुल्क खाने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए जिले वार खाने की व्यवस्था का प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए एक बड़े हॉल का निर्माण करवाया गया है। वहां लगने वाली पशु प्रदर्शनी के लिए दो हॉल का निर्माण किया गया है, जिसमें अलग-अलग स्टाल लगाए गए हैं। एग्री लीडरशिप समिट के उद्घाटन व समापन कार्यक्रम के लिए अलग से हॉल का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा वहां किसानों व प्रदर्शनी के लिए अलग से हॉल बनाए गए हैं, जिनको ए से लेकर एफ तक बांटा गया है। जिनमें एग्री लीडर्स पवेलियन, हॉर्ट एक्सपो पेरी अर्बन, अंतरराष्ट्रीय, प्रदेश स्तरीय पवेलियन, एग्री एक्सपो, पशु पालन व कृषि सेवा प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित 384 स्टॉल लगाई जाएंगी।