फैसला: चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी में प्रदर्शनों में ट्रैक्टर पर प्रतिबंध, सीमा पर ही रोके जाएंगे प्रदर्शनकारी
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के लिए बनी एपेक्स कमेटी की तीसरी बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसान आंदोलन के असर को देखते हुए चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में होने वाले प्रदर्शनों में ट्रैक्टर पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही यह तय हुआ है कि प्रदर्शनकारियों को संबंधित राज्य पुलिस की मदद से चंडीगढ़ की सीमा पर ही रोका जाएगा। इसके अलावा ट्राइसिटी में पेट्रोल के दाम एक करने पर भी बुधवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर चर्चा की।
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के लिए बनी एपेक्स कमेटी की तीसरी बैठक बुधवार को हुई। इसकी अध्यक्षता पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने की। बैठक में यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल, पंजाब की मुख्य सचिव विनी महाजन और डीजीपी, हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन और एडीजीपी के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा की सैटेलाइट सिटी जैसे मोहाली व पंचकूला के साझे विकास व उसके लिए साझेदारी से काम करने पर चर्चा हुई।
बैठक में बदनौर ने कहा कि चंडीगढ़ की सरहदों पर पंजाब व हरियाणा की ओर से आने वाले प्रदर्शनकारियों को अपने क्षेत्र की पुलिस की मदद से रोका जाए। चंडीगढ़ में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की छूट है, लेकिन केवल उन्हीं स्थानों पर जो प्रदर्शन के लिए चिह्नित किए गए हैं। बैठक में सुझाव दिया गया कि इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम के कंट्रोल रूम नंबर 112 की मदद से अपराधियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जाए।
भीख मांगने वाले बच्चों को भेजा जाएगा स्कूल, होगी निगरानी
शहर में लाल बत्तियों पर भीख मांगने वाले बच्चों पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई और फैसला लिया गया कि आने वाले दिनों में एक अभियान चलाकर ऐसे बच्चों को रेस्क्यू किया जाएगा और उन्हें स्कूल भेजा जाएगा। इन बच्चों की निगरानी की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह लगातार शिक्षा ले रहे हैं।
बैठक में ट्राइसिटी में एक्साइज ड्यूटी, मोटर व्हीकल टैक्स व पेट्रोलियम पदार्थों के दाम भी एक समान करने पर चर्चा हुई, हालांकि इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया। प्रशासक ने कहा कि तीनों राज्यों की सरकारों व प्रशासन को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी रोड के लिए आपसी सहयोग व तालमेल से काम करना होगा। ट्राइसिटी के रिंग रोड का काम जल्द पूरा करना होगा, जिससे चंडीगढ़ में ट्रैफिक की समस्या का हल हो सके। अपराध की विभिन्न घटनाओं पर मिलकर काम करने की जरूरत बताई गई। खासतौर से ट्राइसिटी में इंटरस्टेट गैंगस्टरों के खिलाफ साझी रणनीति से काम करने और स्नैचिंग व चोरी की घटनाओं पर भी एकजुट होकर काम करने पर बात हुई।