कीकु 'पलक' की गिरफ्तारी पर 'आप' सांसद की तीखी प्रतिक्रिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरमीत राम रहीम की मिमिक्री को लेकर कॉमेडियन कीकु शारदा के साथ हुए घटनाक्रम पर 'आप' सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने तीखी बात कही।
उन्होंने कामेडी नाइट्स विद कपिल शो के कलाकार कीकू शारदा की एक धर्म गुरु की फिल्म के एक दृश्य की नकल उतारने पर की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
यहां जारी बयान में डॉ. गांधी ने कहा कि बडे़ दुख व हैरानी की बात है कि हर तरह के विचारों, कलाओं की आजादी का ढिंडोरा पीटने वाले भारतीय शासक, कला के विभिन्न रूपों का गला घोंटने के रास्ते पर हैं।
कीकू शारदा की गिरफ्तारी इसका ताजा उदाहरण है। डॉ. गांधी ने कहा कि देश में जमहूरी वातावरण लगातार खत्म हो रहा है और विभिन्न धर्मों, फिरकों से संबंधित रूढ़ीवादी ताकतें सिर उठा रही हैं।
छह घंटे तक जेल में रही पलक, शाम को रिहा
कॉमेडी नाइट्स की पलक को नाटकीय घटनाक्रम के तहत छह घंटे की जेल के बाद पुलिस की क्लीनचिट पर न्यायालय ने जमानत पर रिहा कर दिया। उन्हें डेरा सच्चा सौदा समर्थक की शिकायत पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में दर्ज मामले की जांच में शामिल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तारी के बाद न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। लेकिन 6 घंटे बाद ही पुलिस ने कीकू शारदा को क्लीनचिट देकर न्यायालय से रिहा करने की मांग की। जिस पर न्यायालय ने देर सायं 1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर पलक ऊर्फ कीकू शारदा को रिहा कर दिया। इससे पूर्व दिन में न्यायिक परिसर में कीकू को डेरा प्रेमियों की धक्का-मुक्की का भी सामना करना पड़ा।
जी टीवी सहित 9 पर है मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीटीवी सहित कलाकार कीकू शारदा, गौरव गेरा, अगर अली, राजीव ठाकुर, पूजा बनर्जी, मुन्ना राय, गौतम गुलाटी, शाना खान, एक्टर्स एवं प्रोड्यूसर सहित नौ कलाकारों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज किया था।
ये था राम रहीम की मिमिक्री का पूरा केस
घटनाक्रम के अनुसार 1 जनवरी को थाना सिविल लाइन पुलिस ने डेरा समर्थक दलशेर की शिकायत पर 27 दिसंबर को जी टीवी पर प्रसारित हुए उम्मीद ए जश्न नामक कार्यक्रम में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया था।
इस मामले में कैथल पुलिस गोरेगांव मुंबई से पलक ऊर्फ कीकू को लेकर मामले की जांच में शामिल करने के लिए बुधवार सुबह कैथल पहुंची। जहां सुबह पुलिस थाने में पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
सीजेएम नंदिता कौशिक की अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस उन्हें 1 बजे जेल में छोड़ कर आ गई। इसके बाद भी पुलिस की जांच जारी रही।
इसी बीच पुलिस ने करीब चार घंटे बाद ही न्यायालय में आवेदन किया कि इस पूरे घटनाक्रम में जांच कर ली गई है, जिसमें कीकू की भूमिका नहीं मिली। इसीलिए उन्हें रिहा किया जाए।
न्यायालय ने पुलिस की क्लीनचिट के बाद प्रोडक्शन वारंट जारी किया। जिस पर जेल से फिर से कीकू को लाया गया। करीब साढ़े छह बजे फिर से कीकू को पुलिस जेल से लेकर न्यायालय पहुंची।
यहां करीब आधे घंटे की कार्रवाई के बाद एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर पुलिस ने कीकू को रिहा कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कीकू को लेकर अज्ञात स्थान की ओर रवाना हो गई। पुलिस की लापरवाही से कीकू को छह घंटे जेल में बिताने पड़े।