मास्क बांध विधानसभा पहुंचे आप विधायक, बोले- पंजाब सरकार पर ‘करो न वायरस’ हावी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब विधानसभा परिसर में गुरुवार को सुबह बजट सत्र के 5वें दिन का कामकाज शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा और किसान विंग के प्रधान विधायक कुलतार सिंह संधवां के नेतृत्व में राज्य के किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
इस मौके ‘आप’ विधायकों ने मुंह पर मास्क बांधकर सरकार पर तंज कसा, क्योंकि बीते दिन सदन में राज्यपाल के भाषण पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि चीन में कोरोना वायरस फैलने के कारण नौजवानों को स्मार्टफोन देने में देरी हो रही है।
रोष प्रदर्शन के दौरान हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा और कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार की घटिया कारगुजारी पर चीन के कोरोना वायरस का नहीं, बल्कि ‘करो न वायरस’ का असर है। इसी ‘करो न वायरस’ के कारण कैप्टन सरकार ने पिछले तीन वर्षों से न तो कोई चुनावी वादा पूरा किया और न कोई काम किया है।
इससे न केवल किसान और मजदूर दिक्कतों का सामना कर रहें हैं, बल्कि हर वर्ग दुखी और निराश है। आप नेताओं ने किसानों मजदूरों की पूर्ण कर्ज माफी, लावारिस पशुओं के नुकसान को रोकने, दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तर्ज पर पंजाब में भी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर लाभ देने, मजदूरों के कर्जे माफ और मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी जारी करने सहित कई मुद्दे उठाए।
आप में शामिल हुए छह उद्योगपति
आम आदमी पार्टी में गुरुवार को लुधियाना और मोगा जिले से संबंधित छह उद्योगपति शामिल हुए। आप मुख्यालय से जारी बयान में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि उद्योगपतियों का पार्टी में भरोसा बढ़ता जा रहा है, इसलिए नए और अच्छे लोगों का काफिला आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ रहा है।
पार्टी में शामिल होने वालों में बाघापुराना (मोगा) के कारोबारी और जिला राइस मिलर एसोसिएशन के प्रधान रमन मित्तल, लुधियाना से उद्योगपति और पंजाब ऐंजल नेटवर्क कंपनी के चेयरमैन जीवन दीप घई समेत बाघापुराना से ही कारोबारी जतिंदर गोयल, रमन जिंदल, विजय अंमृतपाल बंटी और रत्न गर्ग हैं। इस मौके पर विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, व्यापार विंग पंजाब की प्रधान और हलका राजपुरा की प्रधान नीना मित्तल, बाघापुराना के हलका सह-प्रधान अंमृतपाल सिंह सुखनंद और धर्मकोट हलके से प्रधान संजीव कौछड़, प्रवक्ता सतवीर वालिया भी मौजूद थे।