संजय सिंह की गिरफ्तारी का विरोध: चंडीगढ़ में आप का प्रदर्शन, पुलिस ने पानी की बौछार और आंसू गैस के गोले दागे
पंजाब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार भी की।
विस्तार
दिल्ली आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को आप आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और समर्थक चंडीगढ़ में सड़कों पर उतरे आए। उन्होंने पंजाब बीजेपी भवन का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान आप समर्थकों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें, आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। पुलिस व नेताओं में धक्का-मुक्की हुई। कई नेताओं की पगड़ियां तक उतर गईं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। चंडीगढ़ पुलिस ने 28 आप समर्थक व नेताओं को हिरासत में भी लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। आप समर्थकों का कहना है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी गलत हुई है। हमारी पार्टी संघर्ष से निकली हुई है। इस तरह के आरोप लगाना गलत है।
आम आदमी पार्टी के नेता व समर्थक पूरे राज्य से गुरुवार सुबह ही चंडीगढ़ पहुंच गए थे। हालांकि पहले पंजाब सरकार की कैबिनेट मीटिंग हुई। इसके बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरभजन सिंह ईटीओ समेत कई नेता समर्थकों समेत रोष प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इनमें काफी संख्या महिला कार्यकर्ताओं की रही। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने सभी को रोकने का पुख्ता इंतजाम किया था।
पुलिस ने जबरदस्त बैरिकेडिंग की थी। आप समर्थक भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रुकने को कहा लेकिन वह रुके नहीं। इस दौरान उन्होंने बैरिकेड उठाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें खदड़ने के लिए पानी की बौछारें की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कुछ नेता व समर्थक घायल भी हो गए।
संजय सिंह के घर से एक पैसा तक नहीं मिला
आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक प्रिंसिपल बुध राम ने कहा कि ईडी को संजय सिंह के घर से एक भी पैसा या एक भी अवैध दस्तावेज नहीं मिला। भाजपा सरकार की इस हरकत से पता चलता है कि प्रधानमंत्री मोदी कितने घबराए हैं लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि हमें कोई डरा नहीं सकता। मोदी सरकार बड़े पूंजीपतियों की मित्र है जबकि संजय सिंह आम जनता की आवाज हैं। बीजेपी की ऐसी रणनीतियां आम आदमी पार्टी को रोक नहीं पाएंगी। चाहे कितने भी छापे मारें या गिरफ्तारियां करें, वे हमें रोकने में कभी सफल नहीं होंगे।
संजय सिंह की गिरफ्तारी गलत: चीमा
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि संजय सिंह हमेशा भाजपा सरकार और उनके भ्रष्टाचार और जनविरोधी कदमों के खिलाफ बहुत मुखर रहे हैं। उन्होंने संसद के अंदर और बाहर से भाजपा सरकार के हर गलत फैसले और लूट का विरोध किया। बीजेपी संजय सिंह की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। ईडी ने उनके चार कमरे के घर पर आठ घंटे तक छापा मारा लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्होंने बिना किसी सबूत के संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह मनीष सिसौदिया प्रकरण की पुनरावृत्ति है। हम भाजपा सरकार की इस गिरफ्तारी और तानाशाही की निंदा करते हैं।