चंडीगढ़। रामदरबार में हाथी पार्क में कुछ दिन पहले एक युवक पर नाबालिगों ने हमला कर दिया था। युवक बचने के लिए मकानों की तरफ भागा, लेकिन वहां तक पीछा करके उस पर ईंट-डंडे और चाकू से वार किए गए। मामले में अब पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की उम्र 16 साल है। रविवार को उन्हें जुवेनाइल होम भेज दिया गया। राम दरबार के फेस-1 में रहने वाले अंशु ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 12 अक्तूबर को वह और उसका भाई निखिल राम दरबार के हाथी पार्क में टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके भाई पर चाकू से हमला कर दिया। उनका भाई भाग कर राम दरबार फेस-2 के मकान नंबर-396 के पास पहुंचा लेकिन आरोपी वहां तक पीछा करते हुए पहुंच गए और कुछ अन्य युवकों ने भी उनके भाई पर हमला किया। उस पर ईंट-डंडे और चाकू से हमला किया गया। इसमें उनका भाई बुरी तरह से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उनके भाई को पीसीआर में बिठाकर अस्पताल ले गई। मामले में 13 अक्टूबर को सेक्टर 31 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा-191 (2), 191 (3), 190, 115 (2), 126 (2), 118(1), 109 में केस दर्ज किया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नाबालिग हैं। एक नौवीं कक्षा तक पढ़ा है जबकि दूसरे ने दसवीं तक की पढ़ाई की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को जुवेनाइल होम में भेज दिया गया है।