चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक व्यापारी की कोठी में काम करने वाली युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि युवती को मारकर लटकाया गया। मृतका की पहचान कांसल निवासी अंजू (18) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत छानबीन शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट नंबर एक में लोहे की रॉड पर युवती फंदे से लटकी है। पुलिस ने युवती को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि अंजू पिछले काफी समय से कोठी में रहकर काम करती थी। वहीं, पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने कहा कि करीब ढाई साल से अंजू रविंदर सिंगला की कोठी में रहकर काम करती थी। आरोप है कि उसे कोठी में परेशान किया जा रहा था। युवती का मोबाइल नहीं मिला। कोठी में काम करने वाले अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 11 बजे तक किसी से बात कर रही थी। पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाल जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को जीएमसीएच-32 के शव गृह में रखवा दिया है, जहां कोरोना सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि अंजू की मौत किन कारणों से हुई है।