गर्भवती ने बेटी और मां संग की खुदकुशी, मौसी को किया वीडियो कॉल, मौत से पहले क्लिक की आखिरी तस्वीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के तरनतारन जिले में गर्भवती महिला ने बेटी व मां के साथ खुदकुशी कर ली। मामला तरनतारन के गुरु तेग बहादुर नगर का है। तीनों ने सल्फास खाकर अपनी जान दी है। मृतकों की पहचान गीतइंद्र कौर, उसकी मासूम लड़की नूर व उसकी मां प्रीतम कौर के रूप में हुई है। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने महिला के पति राजबीर सिंह उर्फ राजा पन्नू के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
सल्फास निगलने के बाद वीडियो कॉल कर दी जानकारी
सबसे पहले गीतइंद्र कौर ने अपनी मासूम लड़की नूरदीप कौर को सल्फास की गोली खिलाई। इसके बाद मां प्रीतम कौर और आखिर में गीतइंद्र कौर ने गोली निगली। इसके बाद गीतइंद्र ने बेटी और मां के साथ मोबाइल पर आखिरी फोटो क्लिक कर मौसी गुरमीत कौर को वीडियो कॉल कर जानकारी दी और माफी मांगी। हालांकि डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने कहा कि गीतइंद्र कौर व राजबीर सिंह राजा पन्नू के मोबाइल कॉल के आधार पर अभी और सुराग लग सकते हैं।
रुला देगी तीनों की आखिरी तस्वीर
मौत से पहले महिला ने आखिरी तस्वीर खींची। इस तस्वीर में गर्भवती महिला और उसकी मां रो रहीं हैं। उन्हें कुछ समय में ही सबकुछ खत्म होने का आभास है। लेकिन मासूम बेटी इससे बेखबर है। वह मां के गोद में बेफिक्र मुस्कुरा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में राजा ने माना कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। जिसको लेकर घर में क्लेश रहता था। गुरुवार को तीन सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि गीतइंद्र कौर गर्भवती थी। पेट में पल रहे बच्चे की दुनिया में आने से एक दिन पहले ही मौत नसीब हुई। डॉक्टरों ने महिला गीतइंद्र की गुरुवार (03 दिसंबर) को डिलीवरी की तारीख दी थी।
पंजाब रोडवेज में बतौर इंस्पेक्टर कार्यरत अजीत सिंह की मौत के बाद उनकी लड़की गीतइंद्र कौर को रोडवेज में बतौर क्लर्क की नौकरी मिली थी। गीतइंद्र कौर का विवाह इससे पहले लवप्रीत सिंह नामक युवक से हुआ था लेकिन अनबन रहने के कारण गीतइंद्र कौर ने उसे तलाक दे दिया था। इसके बाद गीतइंद्र कौर अपनी मासूम बेटी नूरदीप कौर उर्फ नूर (9) के साथ ही रहने लगी।
गीतइंद्र की मां प्रीतम कौर (62) भी उसके साथ रह रही थी। इस दौरान एक वर्ष पहले गीतइंद्र कौर का संपर्क गुरु तेग बहादुर नगर निवासी युवक राजबीर सिंह उर्फ राजा पन्नू से हुआ। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया। गीतइंद्र कौर के रिश्तेदार परमजीत सिंह ने बताया कि विवाह के बाद राजा अपनी पत्नी को लगातार तंग करता था।
कई बार दहेज की मांग की। इस पर मां प्रीतम कौर ने 25 लाख में अपना मकान बेचकर दहेज दिया। दो माह पहले स्कूटी भी खरीदकर दी। राइस मिल पर सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाला राजा पन्नू अपनी पत्नी को यह कहकर परेशान करता था कि उसका चरित्र ठीक नहीं है। यहां तक कि सरकारी नौकरी से मिलने वाला वेतन भी राजा खुद हड़प करना चाहता था।
राजा पन्नू के पास राइफल है। वह हथियारों का शौकीन है। आरोपी ने हथियारों के साथ अपनी फोटो भी फेसबुक में पोस्ट की थी। पुलिस हिरासत में राजा पन्नू ने खुद को बेकसूर करार देते हुए कहा कि उसे कानून पर भरोसा है।
मां भी मान गई बेटी और दोहती के साथ खुदकुशी करने की बात
पुलिस जांच के मुताबिक राजा पन्नू ने गीतइंद्र कौर के पहले पति लवप्रीत सिंह से दोस्ती कर ली थी। इसके बाद दोनों में क्लेश होने लगा। वह पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करने लगा। गीतइंद्र कौर नौ माह की गर्भवती थी, जिसकी डिलीवरी गुरुवार को निजी अस्पताल में होनी थी। डिलीवरी से एक दिन पहले गीतइंद्र कौर को पति ने ताने मारे। इसके बाद गीतइंद्र कौर ने अपनी मासूम बेटी नूरदीप कौर के साथ जीवनलीला समाप्त करने का फैसला किया। गीतइंद्र कौर ने अपनी मां को भी सारी बात बताई। जिसके चलते मां प्रीतम कौर भी अपने बेटी और दोहती के साथ खुदकुशी करने का फैसला किया।
खुदकुशी से पहले गुरु घर में टेका माथा
बुधवार को तीनों पहले गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने गए और वापसी में घर आकर उन्होंने सल्फास निगल लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई बलविंदर लाल ने बताया कि पूछताछ में राजा पन्नू ने माना कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि गीतइंद्र कौर की मौसी गुरमीत कौर निवासी मलोट के बयान पर राजबीर सिंह उर्फ राजा पन्नू के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्जकर लिया है।
डिलीवरी के समय हुआ महिला का पोस्टमार्टम
सिविल अस्पताल तरनतारन के एसएमओ डॉ. रोहित मेहता ने बताया कि इस मामले में डॉ. सतिंदर भगत, डॉ. अमृतपाल सिंह, डॉ. मनप्रीत कौर का एक बोर्ड बनाकर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। गीतइंद्र कौर के पेट में मासूम बेटी थी जो इस दुनिया में आने से पहले ही दम तोड़ गई।