हाईवोल्टेज ड्रामा: पुलिस चौकी के सामने पेड़ पर चढ़ा युवक, बोला-कूद जाऊंगा, खाये नीम के पत्ते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भांजे के साथ मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा एक तरफा कार्रवाई के विरोध में मामा चौकी के सामने ही पेड़ पर चढ़ गया। इतना ही नहीं उसने आरोप लगाया कि उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह पेड़ से कूद जाएगा। इस पर पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस कर्मचारी पेड़ के नीचे एकत्रित हो तिरपाल फैलाकर खड़े हो गए, ताकि नीचे कूदने की स्थिति में जमीन में न गिरे।
करीब एक घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। आखिरकार तीन पुलिस कर्मचारियों ने उसे रस्सी के सहारे नीचे उतारा। सदर बाजार चौकी पुलिस ने उसके खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने और भांजे के साथ मारपीट करने के मामले में भी मामला दर्ज कर लिया है।
मामले के अनुसार, सदर बाजार निवासी अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका मामा 30 वर्षीय रामसिंह ने सोमवार शाम को उनके घर के गेट पर ताला लगा दिया। जब वह खोलने लगा तो मामा ने उसके सिर में ईंट मार दी और उसकी मां के साथ भी मारपीट की। इसके बाद उसने पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने उसे चौकी में बुलवाया। पुलिस द्वारा विवाद को लेकर पूछताछ करने पर राम सिंह भड़क गया और आरोप लगाया कि पुलिस एक तरफा कार्रवाई कर रही है।
मैं कूद जाऊंगा, पेड़ पर ही खाये नीम के पत्ते
पुलिस के बुलाने पर आरोपी रामसिंह पुलिस चौकी में आ गया। वहां आरोपी ने भांजे के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही। इसके बाद वह चौकी के बाहर नीम के पेड़ पर चढ़ गया और बोला कि मैं यहां से कूद जाऊंगा। इसके बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना सिटी थाना प्रभारी को दी।
वहां पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और उसे समझाकर पेड़ से उतारने का प्रयास किया। आरोपी राम सिंह पेड़ से नहीं उतरा तो पुलिस कर्मचारियों ने पेड़ के नीचे तिरपाल बिछा दिया और तीन पुलिस कर्मचारी पेड़ पर चढ़े। उन्होंने रस्सी से बांधकर उसे पेड़ से उतारा। इस दौरान आरोपी ने पेड़ पर ही नीम के पत्ते भी खाये।
आरोपी राम सिंह पर आत्महत्या का प्रयास करने और भांजे द्वारा मारपीट करने की शिकायत पर भी मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से सच्चाई जानने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इससे पहले ही राम सिंह पेड़ पर चढ़ गया। - जगदीश कुमार, सदर बाजार चौकी प्रभारी।