पंजाब: जालंधर में उद्यमी ने कनपटी में गोली मारकर की खुदकुशी, पुलिस बोली-मानसिक तनाव में थे
जालंधर में लुधियाना मार्ग पर स्थित गुरु नानक आटो इंटरप्राइजेज (जमालपुर) के संचालक गुरिंदर सिंह (40) ने मंगलवार को रात दो बजे गांव विरका स्थित कोठी में अपनी कनपटी पर गोली मार ली। खून से लथपथ हालत में गुरिंदर सिंह को स्थानीय जौहल अस्पताल दाखिल में करवाया गया, जहां बुधवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
बुधवार को एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस बल के साथ गांव विरका गए और पारिवारिक सदस्यों से बातचीत की। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। एसपी मनप्रीत सिंह का कहना है कि गुरिंदर सिंह मानसिक रूप से तनाव में थे और इसी कारण मंगलवार को खुदकुशी कर ली। गुरिंदर के 12 साल का बेटा और 6 साल की बेटी है।
उनकी शादी को 14 साल हो चुके हैं। गुरिंदर सिंह के ताया की पोती की तीन दिन बाद शादी थी, जिसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। पारिवारिक सदस्यों ने इसी से संबंधित चंडीगढ़ में बुधवार को एक समारोह रखा था। इसमें शामिल होने गुरिंदर को जाना था लेकिन उससे पहले ही उन्होंने खुद को गोली मार ली। वारदात के बाद परिजन पहले गुरिंदर को फगवाड़ा ले गए थे फिर जालंधर के जौहल अस्पताल लेकर आए लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पारिवारिक सदस्यों ने मीडिया से इस बारे में कोई बात नहीं की है और न ही कोई जानकारी दी है। एसएचओ गोराया हरदीप सिंह जांच के लिए विरका कोठी में गए लेकिन गार्ड ने उनको काफी देर तक अंदर नहीं जाने दिया। काफी समय बाद गार्ड ने जांच अधिकारी थानेदार हरदीप सिंह के लिए दरवाजा खोला और वह जांच के लिए अंदर गए।
एसपी मनप्रीत सिंह ने शाम को अधिकारिक रूप से बताया कि गुरिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। पुलिस ने पारिवारिक सदस्यों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं, जिसमें उन्होंने कहा है कि गुरिंदर सिंह मानसिक रूप से परेशान रहते थे।