जजपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में हादसा, नाइट्रोजन गुब्बारा फटा, तीन बच्चों समेत 8 झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जुलाना विधानसभा क्षेत्र से जजपा प्रत्याशी अमरजीत ढांडा के खरकरामजी गांव स्थित चुनाव कार्यालय में नाइट्रोजन का गुब्बारा फटने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत आठ लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को नागरिक अस्पताल जींद में लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर देखते हुए सभी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।
जींद सदर थाना के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जुलाना विधानसभा क्षेत्र से जजपा प्रत्याशी अमरजीत ढांडा ने खरकरामजी गांव में अपनी हेचरी के पास ही चुनाव कार्यालय खोला हुआ है। सोमवार शाम को लगभग सात बजे चुनाव कार्यालय पर प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा गुब्बारों में नाइट्रोजन गैस भरी जा रही थी। उसके पास ही गैस चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा था।
गुब्बारे में गैस भरते समय एक गुब्बारा फट गया, जिससे गैस चारों तरफ फैल गई। नाइट्रोजन गैस ज्वलनशील होने के कारण आसपास चल रहे चूल्हों की गैस भी उसके संपर्क में आ गई जिससे आग पकड़ ली। आग लगते ही यहां जोरदार धमाका हुआ और खाना बना रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसमें खरकरामजी निवासी 10 वर्षीय प्रदीप, 11 वर्षीय राहुल, बिहार के समस्तीपुर जिले के फिरोली गांव निवासी नौ वर्षीय विक्की तथा खरकरामजी निवासी 35 वर्षीय मामराज, आसन गांव निवासी इंद्र, कर्ण सिंह, यूपी के मेरठ जिले के नवोदय गांव निवासी राजू व अंकित बुरी तरह से झुलस गए।
घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल जींद लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हादसे में राहुल 65 प्रतिशत, प्रदीप 64 प्रतिशत, इंद्र सिंह 47 प्रतिशत, कर्ण सिंह 55 प्रतिशत, अंकित 40 प्रतिशत, राजू व मामराज 60 प्रतिशत तथा विक्की 20 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार विक्की का चेहरा ज्यादा झुलसा हुआ है।
हादसे की सूचना मिली है। पता किया जा रहा है कि किन कारणों से यह हादसा हुआ है। कृष्ण राठी, जजपा जिला प्रधान, जींद
गुब्बारा निजी संपत्ति पर लगाया जा रहा था। इसमें चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ है। यह पता किया जा रहा है कि नाइट्रोजन का गैस सिलिंडर कहां से आया और हादसे कैसे हुआ। डॉ. आदित्य दहिया, डीसी, जींद
खरकरामजी गांव में जजपा प्रत्याशी अमरजीत ढांडा के चुनाव कार्यालय में गुब्बारे में नाइट्रोजन गैस भरी जा रही थी। गुब्बारे में गैस भरते समय गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -सुरेंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी