550वां प्रकाश पर्व: आठ एकड़ में लगेगा सबसे बड़ा लंगर, तीन लाख से ज्यादा संगत ने नवाया शीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तकनीकी शिक्षा मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने रविवार को संत समाज के साथ बैठक करके श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व समागमों की रूपरेखा व लंगर प्रबंधों पर गहनता से विचार किया। सुल्तानपुर लोधी में आयोजित बैठक में विधायक नवतेज सिंह चीमा, डीसी डीपीएस खरबंदा, बाबा अमरीक सिंह श्री आनंदपुर साहिब वाले, बाबा सतनाम सिंह संतघाट वाले, बाबा गुरचरण सिंह के प्रतिनिधि और संत जगजीत सिंह भूरी वाले मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक चीमा ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से गुरुद्वारा साहिब के पास के क्षेत्रों में 37 लंगरों को मंजूरी दी गई है और पंजाब सरकार की तरफ से हर लंगर के लिए एक-एक नोडल अफसर भी तैनात किया जा रहा है। डीसी ने कहा कि पीएसपीसीएल की तरफ से लंगरों के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने का काम चल रहा है और गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के नजदीक 8 एकड़ में लग रहे सबसे बड़े लंगर के लिए 600 किलोवाट का बिजली कनेक्शन दिया जा चुका है।
चन्नी ने शताब्दी समागमों के लिए संत समाज से पूर्ण सहयोग की अपील करते कहा कि पंजाब सरकार की तरफ से लंगर व्यवस्था, जोड़ा घरों, गठड़ी घरों के लिए अलग-अलग संस्थाओं और जत्थेबंदियों को स्थान अलॉट कर दिए गए हैं और विशेष कर लंगरों के लिए बिजली, पेयजल और रोशनी का प्रबंध सूबा सरकार की ओर से किया जा रहा है। सरकार समागमों की सफलता और संगत की सुविधा के लिए संत समाज को पूर्ण सहयोग दिया जा रहा है।
संत समाज की तरफ से लंगर प्रबंधों के लिए उठाए मुद्दों पर मंत्री ने जिला प्रशासन को हिदायत दी कि लंगर सामान की ढुलाई करने वाले वाहनों को बिल्कुल न रोका जाए और उनको विशेष पास जारी किए जाएं। जिला प्रशासन की तरफ से सड़क किनारे लंगर न लगाने संबंधी अपील पर संत समाज ने कहा कि लंगर के दौरान संगत की सुरक्षा और सुचारू यातायात का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
संत समाज ने सरकार और जिला प्रशासन को समागमों की सफलता के लिए अग्रणी भूमिका निभाने का विश्वास भी दिलाया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री की तरफ से मुख्य समागमों के लिए तैयार किए जा रहे पंडाल, टेंट सिटी, संगत की सुविधा के लिए सभी 9 पार्किंग से शुरू की गई मुफ्त बस सेवा आदि का जायजा भी लिया।
तीन लाख से ज्यादा संगत ने नवाया शीश
बाबा नानक की पावन नगरी में संगत का सैलाब उमड़ने लगा है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का 550वां प्रकाश पर्व पहली से 15 नवंबर तक शुरू होगा लेकिन नानक नाम लेवा संगत का सैलाब अभी से सुल्तानपुर लोधी के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में पहुंचने लगा है। देर रात तक नगर कीर्तनों के पहुंचने का सिलसिला जारी था।
रविवार को करीब तीन लाख से ज्यादा संगत ने गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाया। वहीं दूरदराज के इलाकों से करीब 16 नगर कीर्तन पावन नगरी पहुंचे। रविवार को गुरुद्वारा श्री बाबा बुड्ढासर साहिब लोहटबंदी रायकोट जिला लुधियाना से नगर कीर्तन संत बाबा जसदेव सिंह लोहटबंदी वालों के नेतृत्व में विभिन्न शहरों से होता हुआ पहुंचा।
गुरुद्वारा श्री सचखंड ईशर दरबार जिला जालंधर से संत बाबा मान सिंह, गुरुद्वारा साहिब गांव धारीवाल जिला जालंधर से प्रधान गुरुद्वारा लोकल कमेटी मनदीप सिंह, गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब गांव बजवाड़ा जिला होशियारपुर से बाबा हरदेव सिंह तरनादल निहंग सिंह, गुरुद्वारा साहिब गांव झीताकलां जिला अमृतसर से प्रधान लोकल कमेटी गुरुद्वारा साहिब केवल सिंह, गुरुद्वारा श्री नानकपुरा साहिब जलालाबाद जिला फाजिल्का से मुख्य सेवादार सतनाम सिंह, गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब बलेरखानपुर जिला कपूरथला से बाबा दया सिंह के नेतृत्व में पावन नगरी पहुंचा।
इसके अलावा फिल्लौर, तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर तथा साहनेवाल लुधियाना के अलावा कई अन्य एरिया से नगर कीर्तन सुल्तानपुर लोधी पहुंचे और गुरुघर में नतमस्तक हुए। इतनी ज्यादा तादाद में नगर कीर्तन और संगत के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पुलिस प्रबंध भी चाक-चौबंद किए हुए थे।
इससे संगत को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के मैनेजर सतनाम सिंह रियाड़ के अनुसार सुल्तानुर लोधी में लगातार संगत और नगर कीर्तन के आगमन का दौर जारी है। अभी से गुरुद्वारा परिसर में संगत का हुजूम उमड़ रहा है। रविवार को तीन लाख से ज्यादा संगत ने गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।