MSG का क्रेज, 1 थियेटर, 5 दिन हाउसफुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरसा के डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मूवी मैसेंजर ऑफ गॉड का क्रेज देखिए, एक सिनेमाघर में 5 दिन तक बुकिंग फुल हो गई। ऐसा हुआ फिरोजपुर के गुरुहरसहाए स्थित पारस सिनेमा में। यहां पर डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड देखने को मिलेगी।
फिल्म की पांच दिन तक की फुल बुकिंग हो चुकी है। फिल्म देखने के लिए आने वाले लोगों व सिनेमा की सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स तैनात की गई है। फिल्म की टिकट सौ रुपये रखी गई है। सिनेमा के मालिक बिक्रमजीत सिंह बेदी ने बताया कि उनके सिनेमा घर में लोगों के बैठने के लिए चार सौ सीटों का प्रबंध है।
रोजाना चार शो चलेंगे। पांच दिन की फुल बुकिंग हो चुकी है। फिरोजपुर जिले में सिर्फ गुरुहरसहाए में ही फिल्म देखने को मिलेगी। बेदी ने बताया कि उनके पास फिल्म देखने के लिए टिकट बुकिंग कराने के लिए बहुत लोग आ रहे हैं। फिल्म 18 या 23 जनवरी को रिलीज होगी।
सिनेमाघर के पास पुलिस मुलाजिम तैनात
बेदी ने बताया कि उन्होंने सिनेमा देखने के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए एसडीएम, डीएसपी व संबंधित थाने के एसएचओ को लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने सिनेमा घर के पास बैरिकेड लगा दिए हैं। उनके सिनेमा के पास स्पेशल फोर्स के करीब 125 मुलाजिम तैनात हैं।
फिरोजपुर, फाजिल्का में स्थिति तनावपूर्ण
फिरोजपुर और फाजिल्का जिले में फिल्म को लेकर स्थिति तनावपूर्ण है। फिरोजपुर, जलालाबाद व फाजिल्का में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस लोगों को सूचित कर रही थी कि एक साथ पांच लोग एकत्र न हो। कहीं भी गड़बड़ी की सूचना मिले तो कंट्रोल रूम व संबंधित थाना में सचित करें।