कोरोना वायरस: पंजाब में 193 की मौत, 5566 नए पॉजिटिव मिले, कोविड केयर व्हाट्सअप चैटबोट लांच
पंजाब में कहर बरपाने वाले कोरोना की रफ्तार अब मंद पड़ने लगी है। गुरुवार को प्रदेश में 5566 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। वहीं 193 मरीजों ने संक्रमण से अपनी जान गंवाई है। उधर, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने घरेलू एकांतवास में रहने वाले मरीजों के लिए व्हाट्सएप चैटबोट लांच किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में गुरुवार को कोरोना से 24 घंटे में 193 लोगों ने दम तोड़ दिया। इस बीच 5566 नए मामले भी सामने आए हैं। अस्पतालों में भर्ती 407 संक्रमितों की हालत गंभीर बनी हुई है। 7613 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। गुरुवार को लुधियाना में 26, बठिंडा में 21, मोहाली में 20, गुरदासपुर में 13, संगरूर व फाजिल्का में 12-12, अमृतसर, पठानकोट व पटियाला में 9-9, होशियारपुर व जालंधर में 7-7, फरीदकोट, फिरोजपुर व कपूरथला में 6-6, नवांशहर, मुक्तसर व बरनाला में 5-5, फतेहगढ़ साहिब व मानसा में 4-4, मोगा व रोपड़ में 3-3 और तरनतारन में एक संक्रमित की मौत हो गई। संक्रमण से पंजाब में अब तक 12716 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 67041 पहुंच चुकी है।
होम आइसोलेट लोगों के लिए कोविड केयर व्हाट्सअप चैटबोट लांच
‘मिशन फतेह’ के तहत पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोविड मरीजों के घरेलू एकांतवास के दौरान खुद की देखभाल, बेडों की उपलब्धता और टीकाकरण केंद्रों के बारे में जानकारी के लिए पंजाब कोविड केयर व्हाट्सएप चैटबोट की शुरुआत की। घरेलू एकांतवास वाले मरीज अपनी सेहत संबंधी जानकारी एप में अपलोड कर सकते हैं और इसकी निगरानी विशेषज्ञ करेंगे, जो उनको इलाज के दौरान सलाह देंगे। यह एप तीन भाषाओं - अंग्रेजी, पंजाबी और हिंदी में उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू की गई भोजन हेल्पलाइन की प्रगति का जायजा भी लिया, जिसके तहत एक हफ्ते में पंजाब पुलिस द्वारा 3000 से अधिक फूड पैकेट कोविड प्रभावित परिवारों के घर पहुंचाए गए। इनमें 2721 पके हुए और 280 बिना पके हुए खाने के पैकेट शामिल थे। उन्होंने सभी पीड़ित नागरिकों को 112 या 181 डायल करके मुफ़्त खाना प्राप्त करने की अपील भी की।