{"_id":"682aba1d2148b4db4f04381c","slug":"muzaffarpur-bihar-news-bussinesman-dead-body-found-in-river-police-investigate-more-detail-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-2965710-2025-05-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: व्यापारी की हत्या कर नदी में फेंका शव, चेहरे पर गहरे जख्म; परिजनों ने जताई साथियों पर हत्या की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: व्यापारी की हत्या कर नदी में फेंका शव, चेहरे पर गहरे जख्म; परिजनों ने जताई साथियों पर हत्या की आशंका
Mon, 19 May 2025 12:37 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Mon, 19 May 2025 12:37 PM IST
सार
Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में व्यवसायी की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि व्यवसायी कल से गायब थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र के भूसाही गांव में सोमवार की सुबह एक व्यापारी का शव नदी में उतराता हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मुकेश कुमार साह के रूप में हुई है, जो मौना भूसाही गांव के रहने वाले थे और स्थानीय स्तर पर कई व्यवसायों से जुड़े हुए थे। वह अनाज की खरीद-बिक्री और पोल्ट्री फार्म संचालन जैसे व्यवसाय करते थे।
विज्ञापन
रविवार से थे लापता, आज नदी में मिला शव
परिजनों के अनुसार मुकेश कुमार रविवार की सुबह घर से बाजार के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। पूरे दिन परिजन उन्हें खोजते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में देर शाम गरहा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। लेकिन अगले ही दिन सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने भूसाही नदी के पास एक शव को उतराता देखा, जो बाद में मुकेश कुमार का निकला। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म-हत्या की खौफनाक कहानी: लापता युवक का शव नाले से मिला, असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर किया हमला; कई घायल
विज्ञापन
चेहरे पर मिले गहरे जख्म, हत्या की आशंका गहराई
मृतक के शरीर, विशेषकर चेहरे पर गहरे जख्म के कई निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि उनकी निर्मम हत्या की गई है। आशंका है कि हत्या कर शव को भूसाही पुल के नीचे नदी में फेंक दिया गया। शव उनके घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर बरामद हुआ है। परिजनों का आरोप है कि मुकेश की हत्या उनके कारोबारी साझेदारों या जान-पहचान वालों ने ही की है।
पुलिस जांच में जुटी, FSL टीम भी मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर गरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रही है। थाना अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने बताया कि कल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी और आज शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- Crime: दुकानदार भाइयों को बदमाशों ने मारी गोली, लूटपाट के बाद दो अपराधियों को भीड़ ने पीट-पीट कर किया लहूलुहान
परिजनों को व्यवसाय से जुड़े लोगों पर संदेह
मृतक के परिजनों का कहना है कि मुकेश कुमार बहुत ही मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे। उनके कई व्यवसाय थे और वह पूरी ईमानदारी से काम करते थे। परिजन यह मानने को तैयार नहीं हैं कि यह कोई सामान्य घटना है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश है और इसके पीछे उनके ही जानने वाले या साझेदार हो सकते हैं। परिजनों ने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद भूसाही गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।