रोहतास में नगर निगम सासाराम के सागर मोहल्ले से बीते एक हफ्ते पूर्व घर से गायब युवक का सोमवार की सुबह नाले से शव बरामद किया गया है। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और लोगों में रोहतास पुलिस के खिलाफ भारी नाराजगी है। घर से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिसे लेकर पुलिस ने एहतियातन भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की है। हालांकि कुछ असामाजिक तत्वों ने सागर स्थित टोओपी टीओपी के अंदर घुसकर कई पुलिसकर्मियों की पिटाई की और इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी की गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
दुष्कर्म-हत्या की खौफनाक कहानी: लापता युवक का शव नाले से मिला, असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर किया हमला; कई घायल
Rohtas News: रोहतास से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां ताड़ी पीने को लेकर विवाद के बाद दुष्कर्म के दौरान हत्या तक की सनसनीखेज घटना का खुलासा हुआ है। नाले से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
जांच के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और दोनों नामजद आरोपियों से पूछताछ की गई। हालांकि शुरुआत में दोनों आरोपी घटना को लेकर अनजान बने रहे। लेकिन तकनीकी अनुसंधान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच के बाद जब दोनों से पुलिस हिरासत में सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने मामले का खुलासा कर दिया।
ताड़ी पीने के दौरान उपजा था विवाद
घटना को लेकर आरोपी राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि विक्रम कुमार उर्फ टमाटर के घर के पास बिट्टू और अन्य तीन लड़कों के साथ हम लोग ताड़ी पी रहे थे। तभी शाहबाज आलम और दिलशाद गद्दी ने वहां आकर ताड़ी पीने को लेकर हम लोगों से मारपीट की और फिर चले गए।
विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म के दौरान हुई हत्या
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल कुमार ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मारपीट का बदला लेने के लिए जब हम लोग शाहबाज और दिलशाद को ढूंढ रहे थे तो उन्हें बीते 13 मई की रात सागर मोहल्ला स्थित एक सुनसान जगह पर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म करते हुए पाया। जहां उन लोगों के साथ मारपीट हुई और फिर बगल में रखा एक पत्थर शाहबाज के सिर और सीने पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शाहबाज के शव को छिपाने के लिए बगल के एक गहरे नाले में शव को फेंक दिया और सभी वहां से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- Bihar News: घर लौटते समय किसान को बदमाशों ने मारी गोली, घायल हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद
वहीं, मामले में रोहतास पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त पत्थर को बरामद कर लिया गया है। साथ ही घटना में संलिप्त विक्रम कुमार उर्फ टमाटर को संझौली के पास से और बिट्टू कुमार तथा दिलशाद आलम को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की खोज की जा रही है, जिसकी बरामदगी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है और गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
शव बरामदगी के बाद लोगों में आक्रोश
इधर, घटनास्थल के पास नाले से शव बरामदगी के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। पोस्टमार्टम हाउस और मृतक के घर के पास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसको देखते हुए पुलिस ने एहतियातन भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहतास एसपी रोशन कुमार भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, जहां आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
असामाजिक तत्वों ने किया पुलिस पर हमला
घर से लापता युवक शाहबाज आलम का सोमवार की अहले सुबह शव मिलने के बाद अचानक आक्रोशित लोगों ने शहर के सागर स्थित टोओपी पर हमला बोल दिया। टीओपी के अंदर घुसकर असामाजिक तत्वों ने कई पुलिसकर्मियों की पिटाई की और इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी की गई। इस हमले में डालमियानगर थाना अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में रोहतास एसपी रोशन कुमार अपने दल-बल के साथ टीओपी पहुंचे। साथ ही मौके पर जिले के कई थानों की पुलिस भी पहुंची और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। इस दौरान पुलिस ने पूरे इलाके में सघन छापामारी अभियान भी चलाया, जिसमें छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, हमले में घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस पर हमला मामले में रोहतास एसपी रोशन कुमार ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा टीओपी पर हमला किया गया है, जिसमें डालमियानगर थाना अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान छापामारी कर छह लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, जिनकी हमले में संलिप्तता की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घटनास्थल पर एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।