बिहार: थाने में अंचलाधिकारी पर जानलेवा हमला, गला दबाकर मारपीट; किसपर लगा आरोप, आगे क्या हुआ?
बक्सर के तिलक राय के हाता थाना परिसर में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान सिमरी के सीओ भगवती शंकर पांडेय पर हमला किया गया। आरोपी यशोदेव यादव ने कथित तौर पर उनका गला दबाने की कोशिश की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
बक्सर के तिलक राय के हाता थाना परिसर में जमीन विवाद को लेकर आयोजित सुनवाई के दौरान सिमरी के अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पांडेय पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए हो रही बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सीओ के साथ मारपीट की और उनका गला दबाने की कोशिश की। घटना के बाद थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को पकड़ लिया। घायल सीओ को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानिकपुर निवासी यशोदेव यादव के रूप में हुई है।
भूमि विवाद में फैसले को लेकर था तनाव
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव के रामबचन यादव और ओमप्रकाश यादव के बीच करीब 4 बीघा 16 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पिछले शनिवार को जनता दरबार में इस मामले की सुनवाई हुई थी। उस दौरान एक पक्ष की ओर से जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर दूसरे पक्ष के समर्थन में निर्णय लिया गया था। साथ ही असंतुष्ट पक्ष को न्यायालय जाने की सलाह दी गई थी।
इसी फैसले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। गुरुवार की रात विवादित जमीन पर खेती करने की कोशिश किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष के आग्रह पर शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया। यहां मामले को सुलझाने के लिए बातचीत की जा रही थी।
सुनवाई के दौरान भड़का आरोपी
थाना परिसर में बातचीत के दौरान सीओ ने दोनों पक्षों को कानूनी रास्ता अपनाने की सलाह दी। आरोप है कि इससे नाराज यशोदेव यादव ने सुनवाई से संबंधित कागजात फाड़ दिए और सीओ के साथ गाली-गलौज करते हुए उनका गला दबाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बीच-बचाव किया और आरोपी को पकड़ लिया।
आठ धाराओं में प्राथमिकी, जेल भेजने की तैयारी
सीओ के लिखित आवेदन पर 27 नवंबर को तिलक राय के हाता थाना में कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आठ धाराओं 126(2), 115(2), 352, 351(3), 132, 221, 324(2) और 109 के तहत आरोप लगाए गए हैं। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
