सूर्य देव पिछले एक महीने से तुला राशि में चल रहे थे। 16 नवंबर को दिन में 11 बजकर 48 मिनट पर अपने मित्र ग्रह की राशि वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। अगले एक महीने सूर्य इस राशि में रहकर राजनीति, देश और मानव जीवन को प्रभावित करेंगे।
ज्योतिषशास्त्री चन्द्रप्रभा बताती हैं कि शनिवार के दिन यह संक्रांति होने के कारण यह राक्षसी संक्रांति है। अपने नाम के अनुसार यह संक्रांति चोर, पापकर्म करने वालों एवं दुष्टों के लिए अनुकूल है। इसलिए इस अगले एक महीने लोगों को अधिक सजग और सतर्क रहना होगा।
बाजार की बात करें तो रसदार पदार्थ, दूध, तेल, घी, तिल, चावल, चना एवं मक्के की कीमत में वृद्घि हो सकती है। हालांकि आंकड़ों में महंगाई दर में कमी दिखेगी।
वृश्चिक में सूर्य के पहुंचने से राहु, शनि एवं बुध से द्विर्द्वादश एवं केतु से सूर्य का षडाष्टक संबंध बनेगा जो बीते महीने की अपेक्षा कुछ मामलों में अनुकूल रहेगा।
कानून व्यवस्था की स्थिति संभलेगी। किसी बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश हो सकता है। राजनीति में जनता का प्रभाव बढ़ेगा। आपराधिक छवि वाले एवं भष्ट नेताओं का जनता बहिष्कार करेगी।
राशि की बात करें तो वृश्चिक, मीन, मकर और वृष राशि वालों को सूर्य अनुकूल परिणाम देंगे। इनका आत्मबल बढ़ेगा। नौकरी एवं व्यापार में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। सम्मान एवं अधिकारियों से सहयोग मिलेगा।