चमोली जिले के सिमली में करोड़ों की लागत से बने बेस अस्पताल को पूर्ण रूप से संचालित करने और इसका शासनादेश जारी कराने की मांग को लेकर निकाली जा रही जन पदयात्रा करीब 106 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर तीर्थनगरी देवप्रयाग पहुंच गई है। बेस अस्पताल संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित यह पदयात्रा आगामी 20 अक्टूबर को राजधानी देहरादून पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर मांग पत्र सौंपा जाएगा। संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी (मुन्ना भाई) ने बताया कि चमोली जिले के केंद्र बिंदु सिमली में स्वास्थ्य सुविधाओं की बहाली और बेस अस्पताल के सुचारू संचालन को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में नवरात्र के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर से सिमली से देहरादून के लिए इस पदयात्रा का शुभारंभ किया गया था। पदयात्रा को क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, व्यापार मंडलों और पूर्व सैनिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। देवप्रयाग पहुंचने पर पदयात्रियों का स्थानीय लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल आश्वासनों से अब काम नहीं चलेगा।जब तक अस्पताल संचालन का स्पष्ट शासनादेश जारी नहीं होता। तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।