रैंतोली में 5.64 करोड़ रुपये की लागत से बने भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के नए भवन का बुधवार को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने लोकार्पण किया। भवन में कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप, प्रशिक्षण कक्ष, दो डॉरमेट्री हॉल और रसोई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षणार्थियों को व्यवसाय शुरू करने, बाजार की मांग, विपणन और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन और सेवा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को देखते हुए युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देना जरूरी है। भवन का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग ने 564.76 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से किया है। राज्य सरकार ने संस्थान के लिए भूमि उपलब्ध कराई, जबकि भवन का निर्माण भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में आरसेटी से प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार शुरू करने वाले सोहन सिंह बिष्ट, बबीता रावत, पंकज बिष्ट, सौरभ नेगी, प्रमिला देवी और राजी भट्ट को सम्मानित किया गया। वहीं स्वयं सहायता समूह जय मां संतोषी और मातृभूमि संगठन की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।