चंपावत। विधानसभा चुनाव को लेकर युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बताया। आयुष तिवारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे आम जनता के काम सरलता से हो सकें। वहीं गौरव कुमार ने कहा कि रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दे चुनाव के दौरान तो उठाए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि इन्हें भूल जाते हैं। उन्होंने नई सरकार से पूरे कार्यकाल में जनता की समस्याओं पर ध्यान देने और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की अपेक्षा जताई।