वाराणसी शहर के व्यस्त इलाकों में निजी नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों से अवैध रूप से सवारियां ढोने के मामले में चौक पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक वीके शुक्ला ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे और राइड बुक कर कथित अवैध बाइक टैक्सी नेटवर्क का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने 18 से 20 दोपहिया वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, चौक थाना क्षेत्र की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर सफेद नंबर प्लेट वाले निजी दोपहिया वाहनों से ऐप के नाम पर सवारियां ढोने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि इन वाहनों का इस्तेमाल व्यावसायिक सवारी ढोने के लिए किया जा रहा था, जबकि इनके पास जरूरी परमिट और दस्तावेज नहीं थे। कार्रवाई के लिए प्रभारी निरीक्षक वीके शुक्ला सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर पहुंचे और राइड बुक की। जैसे ही चालक सवारी बैठाने पहुंचे, पहले से मुस्तैद दालमंडी और केवीएम चौकी की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।