जिलाधिकारी के आदेश पर 19 नवंबर को सील किए गए आरके मैरेज लॉन में अगले दिन फिर शादी का आयोजन करने की कोशिश का आरोप लगा है। प्रजापति बाग स्थित लॉन के चार गेटों में से केवल एक गेट सील किए जाने पर प्रजापति-कुम्भकार हितकारिणी सभा के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से सभी गेट तत्काल सील कराने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। संस्था के मंत्री जान्हवी देवी प्रजापति के प्रतिनिधि एवं विधिक सलाहकार समिति के सदस्य संजय प्रजापति ने आरोप लगाया कि संस्था की संपत्ति पर अवैध कब्जा कर उसका आर्थिक दोहन किया जा रहा है। वर्ष 2021 में विद्यालय चक्रधारी विद्या मंदिर पर कब्जे के बाद उसकी आड़ में मैरेज लॉन संचालित किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय वर्ष 2025 से बंद है। पदाधिकारियों के अनुसार, एडीएम (प्रोटोकॉल) के 28 सितंबर 2026 के आदेश के क्रम में प्रशासन, वीडीए और पुलिस की संयुक्त टीम ने 19 नवंबर को लॉन सील किया था। आरोप है कि बिना लाइसेंस, फायर एनओसी और विद्युत सुरक्षा मानकों के लॉन संचालित हो रहा था। प्रेसवार्ता में अध्यक्ष कृपाशंकर प्रजापति, रामनयन वर्मा, रामदुलार प्रजापति समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।