सुल्तानपुर में अखंडनगर के सखौली गांव में दिलीप चौहान के हत्यारोपी को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सजमपुर अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके कब्जे से असलहा, कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अखंडनगर के जगदीशपुर शादी निवासी आरोप चौहान पुत्र राजेश चौहान है। 16 नवंबर को सखौली गांव में दिलीप चौहान की हत्या के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। सजमपुर के पास शनिवार देर रात पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में दो नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अखंडनगर थाने में वर्ष 2024 और 2025 में मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा हत्या के मौजूदा मुकदमे में भी उसका नाम शामिल है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।