सीतापुर में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने शनिवार को विकासखंड कसमंडा के प्राथमिक विद्यालय सुरैचा-II पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ पर चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्म-06 और फार्म-07 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बूथ पर मतदाताओं की संख्या और पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में पूरी सतर्कता और पारदर्शिता बरती जाए। कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जांच कराई जाए और पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों के नाम नियमानुसार दोबारा शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने, गांवों में पहुंचकर फार्म एकत्रित करने तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समयसीमा के भीतर पुनरीक्षण कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सुरैचा-II की शैक्षिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की कुल संख्या और उपस्थिति के संबंध में शिक्षक से जानकारी ली। इसके साथ ही रसोईघर पहुंचकर तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के बारे में रसोइया से पूछताछ की। डीएम ने विद्यालय में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के साथ बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।