तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुलसीपुर में शनिवार को घायलावस्था में पहुंचे वनरोज (नील गाय) की बुधवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। वनरोज की मौत के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग व पशु चिकित्सालय पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। तुलसीपुर निवासी मोतीलाल के घर के पास शनिवार को एक वनरोज घायलावस्था में पहुंचा था। ग्रामीणों ने वनरोज का इलाज करवाया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। साथ ही इलाज के लिए पशु चिकित्सालय सोनवा पर भी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना पर पहुंची वन टीम सिर्फ वनरोज को देखकर वापस लौट गई। वहीं, पशु चिकित्सालय के पैरावेट रविवार को पहुंचे और इलाज कर चले गए। तीन दिनों तक न तो वन टीम ने और न ही पशु चिकित्सालय के किसी भी कर्मी ने वनरोज का हाल जाना। गांव निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि हम सभी ग्रामीण उसका निजी चिकित्सक इलाज करवा रहे थे। इस बीच मंगलवार की रात वनरोज तालाब में गिर गया और जब तक ग्रामीण जानपाते उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर वन विभाग व पशु चिकित्सालय की टीम ने ध्यान दिया होता तो वनरोज की मौत नहीं होती। डिप्टी रेंजर विकास वर्मा का कहना है कि वन टीम को मौके पर भेजा गया था और पशु चिकित्सक को भी सूचना दी गई थी। मौके पर जा रहे हैं। शव को बाहर निकलवाया जा रहा है। पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।