दीपावली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाहजहांपुर में शनिवार को रोडवेज बस अड्डे से लेकर रेलवे स्टेशन तक यात्रियों की चहल-पहल रही। लोकल रूट पर जाने के लिए बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। रेलवे स्टेशन पर दोपहर साढ़े 12 बजे आई राज्यरानी एक्सप्रेस और त्रिवेणी एक्सप्रेस के पहुंचते ही यात्रियों में सीट पाने के लिए मारामारी मच गई। जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए। परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों की भीड़ लगी रही। दीपावली पर घर पहुंचने की जल्दी में लोग किसी तरह ट्रेन में जगह पाने की कोशिश करते नजर आए।