सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने लोगों से भी स्व-जनगणना में भाग लेने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से सही जानकारी दर्ज कराने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि जनगणना कराना बेहद जरूरी है। समाजवादी पार्टी और विपक्षी दल लगातार देश में जल्द जनगणना कराने की मांग करते रहे हैं। सांसद बर्क ने जातिगत गणना की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सपा और विपक्षी दल इसकी लगातार मांग करते रहे हैं, ताकि विभिन्न जातियों की सही संख्या सामने आ सके। बताया कि संसद में भी यह मुद्दा उठा था, और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनगणना में जाति गणना का विकल्प शामिल करने की बात कही थी। अब इस प्रक्रिया में यह विकल्प उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े आने से भविष्य में विभिन्न वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और अधिकार मिलेंगे।