बिलासपुर की रुद्र-बिलास चीनी मिल की बदहाल मशीनों से गन्ने की पेराई प्रभावित होने पर भारतीय किसान यूनियन अंबावता ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसानों ने मिल की मशीनें बदलवाने, स्मार्ट मीटर हटवाने और खाद की उपलब्धता समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने सीढ़ियों पर चढ़कर जोरदार नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी ने कहा कि 16 नवंबर को उद्घाटन के बाद से रुद्र-बिलास चीनी मिल अब तक करीब 150 ट्रॉली गन्ने की ही पेराई कर पाई है। मशीनों की खराब स्थिति के कारण किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। समय पर पर्चियां नहीं मिल रही हैं और खेतों से गन्ने की उठान भी नहीं हो पा रही है। इससे किसानों का गन्ने की खेती से मोहभंग हो रहा है और गन्ने का रकबा लगातार घट रहा है।