पीलीभीत में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के आह्वान पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कलक्ट्रेट जाने की मांग पर अड़े सैकड़ों किसानों के निरंजन कुंज कॉलोनी में जुटने की सूचना पर शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रहे। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि पुराने गन्ना बकाये के भुगतान का आश्वासन कई बार दिया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इसी को लेकर किसान आक्रोशित हैं और जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या रखने की मांग कर रहे हैं। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल और एएसपी हिमांशु गौरव समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। चीनी मिल के अधिकारी भी किसानों से बातचीत करने पहुंचे और भुगतान को लेकर समझाने का प्रयास किया। हालांकि किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों ने कहा कि पुराने बकाये के भुगतान का आश्वासन पहले भी दिया गया था, लेकिन उसका पालन नहीं हुआ। प्रशासन की ओर से निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद किसान जिलाधिकारी से मिलने की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ आने-जाने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है।