हस्तिनापुर की न्यू ब्लॉक कॉलोनी स्थित बंगाली बाजार चौराहे पर आयोजित नौ दिवसीय मां महाकाली पूजनोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट से लाई गई दिव्य ज्योत और मां महाकाली के डोले के साथ यात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा नगर की विभिन्न कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों से गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने आरती उतारकर माता का आशीर्वाद लिया। मां के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यात्रा वापस बंगाली बाजार चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई।