मथुरा में संविधान दिवस पर कृष्णानगर बिजलीघर स्थित अखिल भारतीय समता फाउंडेशन की ओर से प्रदर्शन कर संविधान को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने और देश में समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संविधान के मूल्यों और अधिकारों की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचनी चाहिए, ताकि समाज में समानता और न्याय की भावना मजबूत हो सके। फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश कुमार राही ने कहा कि संविधान को स्कूली पुस्तकों के पाठ्यक्रम में शामिल कराने और समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। वहीं महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि संविधान महज एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। इसमें निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। संविधान की जानकारी घर-घर तक पहुंचनी चाहिए, जिससे हर नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सके। प्रदर्शन में मुकेश सैनी, दिनेश दिवाकर, राजकुमार सोलंकी, राज गब्बर, संजय कुमार केन, सुमित कुमार, गौस मोहम्मद, सलीम कुमार, सरदार महेंद्र सिंह, शाहरुख खान और आकाश बाबू आदि मौजूद रहे।