मथुरा। बरेली हाईवे के समीप गांव गजू में गुरुवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में बाबा, उनके बेटे और नाती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हाईवे से करीब 250 मीटर दूर खेत में जाकर रुकी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, थाना राया क्षेत्र के गांव गजू निवासी जवाहर सिंह (75) अपने बेटे हरवीर सिंह (40) और नाती अंकित चौधरी (30) के साथ खेत में पूर्वजों का धार्मिक स्थल (थान) बनवा रहे थे। इसी दौरान बरेली हाईवे की ओर से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी और तीनों को कुचल दिया। हादसे में जवाहर सिंह का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि हरवीर सिंह और अंकित चौधरी ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम मांट चंद्रभूषण प्रताप, क्षेत्राधिकारी संजीव, थाना प्रभारी राया कर्मवीर सिंह सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। विधायक राजेश चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और कई घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।