मैनपुरी। कहते हैं कि एक समय में दो कश्तियों में सवार होने वाले का डूबना तय है। कुछ ऐसा ही मामला थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कंजाहर के गुलशन के साथ सामने आया है। प्रेमिका से शादी का वादा और दूसरी युवती से विवाह करना गुलशन को भारी पड़ गया। प्रेमिका पानी की टंकी पर चढ़ गई तो उसकी पोल खुल गई। नतीजा यह हुआ कि न प्रेमिका साथ रही और न ही नई नवेली दुल्हन। आखिर में गुलशन के हिस्से में सिर्फ पुलिस की कार्रवाई और हवालात आई। दरअसल, थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कंजाहर निवासी गुलशन की मुलाकात वर्ष 2023 में कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि गुलशन ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान युवती ने कई बार उसे आर्थिक मदद भी दी। गुलशन लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और युवती उसके भरोसे में रही। बीते सोमवार को युवती ने सोशल मीडिया पर गुलशन की शादी से जुड़ी स्टोरी देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे पता चला कि गुलशन ने दूसरी युवती से शादी कर ली है। इससे आहत होकर वह सोमवार सुबह घिरोर थाना क्षेत्र के नगला पछा स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और गुलशन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगी। युवती के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवती को नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। आखिरकार पुलिस ने दूल्हा बने गुलशन को उसकी विदाई के बाद मौके पर बुलाया। गुलशन ने फोन पर युवती से बातचीत की, जिसके बाद वह टंकी से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस दोनों को थाना घिरोर ले गई, जहां मामले को समझाने और सुलझाने का प्रयास किया गया। हालांकि, बात नहीं बनी और सोमवार रात युवती की तहरीर पर गुलशन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। उधर, जब गुलशन की नई नवेली दुल्हन के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई तो वे अपनी बेटी को लेकर चले गए। इस तरह दो रिश्तों के बीच उलझे गुलशन के हाथों से दोनों ही रिश्ते निकल गए। जिस शादी के लिए उसने प्रेमिका को धोखे में रखा, वही शादी उसके लिए मुसीबत बन गई। अब प्रेमिका भी साथ नहीं और दुल्हन भी चली गई। बची तो सिर्फ पुलिस की कार्रवाई और हवालात।