पडरौना शहर में जलकल भवन से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर नाले का गंदा पानी बहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उदित नारायण इंटर कॉलेज गेट के पास सड़क के गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को हादसे का खतरा बना हुआ है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली छात्र-छात्राओं और रेलवे यात्रियों को हो रही है। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण दुकानदार भी परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद नाले की सफाई नहीं कराई गई। उन्होंने नगर पालिका से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।