कानपुर मेनोपॉज सोसाइटी और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओर से शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ वक्ताओं ने कहा कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं में हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। हड्डियां भी कमजोर हो सकती हैं। शिविर में 65 महिलाओं की स्वास्थ्य की जांच और स्क्रीनिंग की गई। शिविर में डॉ. दिव्या त्रिपाठी ने मेनोपॉज के लक्षणों और जीवनशैली में जरूरी बदलावों की जानकारी दी। सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. किरण पांडेय ने इसके दीर्घकालिक प्रभावों और समय पर जांच के महत्व के बारे में बताया। शिविर में बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच के साथ महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। अंत में सोसाइटी की सचिव डॉ. शैली अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीएचसी के चिकित्सक व बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।