महाराजपुर स्थित ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक आलोक शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया। प्रधानाचार्य मनीष कुमार तिवारी और कोऑर्डिनेटर अनुराधा दुबे भी मौजूद रहीं। नन्हे-मुन्ने बच्चे कृष्ण, राधा, सुदामा और गोपियों की वेशभूषा में पहुंचे और ‘छोटी-छोटी गैया’, ‘वो किसना है’ और ‘मैया मोरी’ भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति से पूरा परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। प्रबंधक आलोक शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जानकारी मिलती है और उन्हें श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा मिलती है। अंत में बच्चों को माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।