सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों की बदहाली और जलभराव से परेशान व्यापारियों ने मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में व्यापारी मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और हाथ में कटोरा लेकर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए अव्यवस्थाओं और जलनिकासी की समस्या पर नाराजगी जताई। व्यापारी नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। नगर आयुक्त के न मिलने पर कर निर्धारण अधिकारी सीपी सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं बताईं। बाद में व्यापारी नगर आयुक्त के आने पर उनसे भी मिलने पहुंचे और अपनी समस्याएं बताईं। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि शहर में सीएम ग्रिड कार्यों की वजह से सड़कें बदहाल हैं। दो साल में भी काम पूरे नहीं हो सके हैं। अब नवंबर तक काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है लेकिन जो स्थिति दिख रही है, उससे लगता है कि नवंबर तक भी काम पूरा नहीं हो पाएगा। मार्बल मार्केट किदवईनगर, यशोदानगर से हमीरपुर रोड, ग्रीनपार्क से घंटाघर, साकेत नगर समेत अन्य जगहों पर सड़कें पूरी तरह टूटी पड़ी हैं। परेड, मूलगंज चौराहा, साकेतनगर में भी बुरा हाल है। दीपावली आने वाली है लेकिन सीएम ग्रिड की खराब सड़कों की वजह से करीब 200 करोड़ से ज्यादा का व्यापार प्रभावित होगा। जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश में जलभराव की समस्या से ग्राहक आने से कतरा रहे हैं। सड़क निर्माण के दौरान नालियों व जलनिकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। गड्ढों व जलभराव के कारण दुकानों तक माल पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़कें दुरुस्त नहीं की गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान जिला महामंत्री महेश सोनी, दक्षिण अध्यक्ष कमल त्रिपाठी, युवा प्रदेश संगठन महामंत्री विनायक पोद्दार, युवा महामंत्री मनोज विश्वकर्मा, जिला संयुक्त महामंत्री केके गुप्ता, संजय मिश्र, अशोक शुक्ला, जितेंद्र सिंह, अतुल ओमर आदि मौजूद रहे।