जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नरवल में मंगलवार सुबह स्व-गणना और जनगणना को लेकर जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति और डायट प्रवक्ता अजीजुर्रहमान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों ने ‘जन-जन को बताना है, स्व-गणना कराना है’ जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। रैली डायट के मुख्य द्वार से निकलकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस संस्थान पहुंची। समापन पर डायट प्रवक्ता अजीजुर्रहमान ने स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से लोग स्वयं परिवार व मकान संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। एसडीएम सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि शासन के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना और एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना का कार्य होगा। रैली का आयोजन प्राचार्य प्रवीण कुमार तिवारी के निर्देशन में किया गया।