कन्नौज के मकरंदनगर तिराहे पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने पहुंचे हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही सपा नेत्री ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए और सड़क पर पटक दिया, जिससे करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी मची रही। घटना के 25 मिनट बाद शहर कोतवाल के पहुंचने पर सपाई वहां से खिसके। पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।